दुमका (झारखंड)। रामगढ़ थाना क्षेत्र से 27 जून की देर शाम गायब सात वर्षीय बच्ची की लाश मिलने के बाद आक्रोशित महिलाओं ने 29 जून को आरोपी की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस पिटाई का वीडियो सामने आया है। दुमका के एसपी मयूर पटेल कन्हैया लाल ने बुधवार को बताया कि हत्या करने वाली महिलाओं को पुलिस ने चिह्नित कर लिया है। जल्द ही पुलिस उन्हें अरेस्ट करेगी। एसपी ने बताया कि पुलिस को बच्ची के साथ रेप के सुबूत मिले हैं।
आरोपी के हाथ-पैर बांधकर पहले भीड़ ने उसकी पिटाई की, जिसके बाद महिलाओं ने उसे पीट-पीट कर मार डाला। आरोपी को डंडे से महिलाओं द्वारा पीटने का वीडियो सामने आया है। इसमें महिलाएं आरोपी के प्राइवेट पार्ट पर भी डंडा चलाती दिख रही हैं।
रात गांव में हुई पंचायत में आरोपी को पकड़ा गया और गायब बच्ची के बारे में पूछताछ की गई। उसकी निशानदेही पर बच्ची का शव मिला। लोग रेप के बाद हत्या की आंशका से काफी आक्रोशित हो गए और उसे बांधकर इतना पीटा कि उसकी मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को जब्त कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटना बरमसिया पंचायत के जालवे गांव की है।
बच्ची के गायब होने के बाद परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। कुसुमडीह गांव की सोनामुनी मरांडी मामा के घर शादी समारोह में शामिल होने आई थी। मंगलवार की शाम को वह अन्य बच्चियों के साथ खेल रही थी। बच्चियों के रोने की आवाज सुनाई दी लेकिन ग्रामीणों ने इस बात पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद वो गायब हो गई।
इस मामले को लेकर बुधवार को गांव में रात को पंचायत बुलाई गई। गांव के सभी लोग आए पर मिथुन हांसदा नहीं पहुंचा। बार-बार बुलाने पर भी वो पंचायत में नहीं आया।
इसके बाद कुछ लोग उसके घर गए और उसे जबरन पकड़कर पंचायत में लेकर आए। जब बच्ची के बारे में उससे पूछताछ की गई तो वो इधर-उधर की बात करने लगा।
इसी बीच मिथुन की पत्नी ने बताया कि मंगलवार की रात वो घर नहीं आया था। लोगों का शक गहरा हो गया और उसे पेड़ से बांध कर पीटना शुरू किया। तब जाकर मिथुन ने बताया कि उसने बच्ची को नदी किनारे देखा था। कुछ लोग जब मौके पर पहुंचे तो वहां बच्ची की लाश मिली। लोगों को लगा कि मिथुन ने ही उसकी रेप के बाद हत्या कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे बांध इतना पीटा की उसकी मौत हो गई।
5th July, 2017