उत्तरकाशी,। पुरोला थाना क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग लड़की से शादी के मामले में पुलिस ने लड़की के पिता व दूल्हे सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। चार दिन पहले सोमवार को पुरोला क्षेत्र के एक गांव में राजस्थान के अलवर से कुछ लोग आए। गांव में 9वीं पास 14 साल की किशोरी से शादी की बात कही। 41 साल के महेंद्र सिंह पुत्र मंजीत सिंह निवासी अलवर (राजस्थान) ने नाबालिग से बुधवार को शादी की। नाबालिग की शादी होने पर ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने दूल्हे सहित पांच लोगों को हिरासत में लिया। गुरुवार को स्कूल खुलने पर लड़की की जन्मतिथि मंगाई गई। जन्मतिथि के अनुसार लड़की 14 साल की निकली, जिसके बाद पुलिस ने इस मामले में बाल विवाह अधिनियम के तहत दस लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। पुरोला के थानाध्यक्ष बीएस चौहान ने बताया कि किशोरी के पिता व चाचा के अलावा दूल्हा महेंद्र सिंह पुत्र मंजीत सिंह निवासी अलवर (राजस्थान), राजेंद्र सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी गुडग़ांव (हरियाणा), प्रदीप कुमार पुत्र हरपाल निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया है।
18th August, 2017